प्रियंका गांधी को स्कूटी पर बिठा पहुंचे थे विधायक धीरज गुर्जर, कटा 6,300 का चालान

लखनऊ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शनिवार को लखनऊ पहुंची थीं। वह स्कूटी पर बैठकर पूर्व आईपीएस एस आर दारापुरी के परिजन से मिलने पहुंचीं। इस दौरान राजस्थान के कांग्रेस विधायक धीरज गुर्जर स्कूटी चला रहे थे। हेल्मेट ना पहनने के कारण अब धीरज गुर्जर का 6,300 रुपये का चालान काटा गया है। बता दें कि प्रियंका गांधी और धीरज गुर्जर दोनों ने ही हेल्मेट नहीं पहना था। धीरज गुर्जर राजस्थान की जहाजपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। इसके अलावा वह कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी हैं। धीरज गुर्जर को प्रियंका गांधी का काफी विश्वस्त करीबी भी माना जाता है। शनिवार को लखनऊ प्रियंका गांधी की इस स्कूटी यात्रा के बाद हाईवोल्टेज राजनीतिक ड्रामा हुआ। बता दें कि एस आर दारापुरी को सीएए के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिंसा फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। स्कूटी से एसआर दारापुरी के घर गई थीं प्रियंका गांधी बता दें कि प्रियंका गांधी वाड्रा ने पूर्व आईपीएस अधिकारी एसआर दारापुरी के घर जाने के लिए स्कूटी का सहारा लिया। क्योंकि पुलिस ने कथित रूप से उनका मार्ग रोकने की कोशिश की। लखनऊ में लोहिया पथ पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया लेकिन वह स्कूटी से गईं, जिसे पार्टी सचिव धीरज गुर्जर चला रहे थे। एस आर दारापुरी के घर जाते वक्त रास्ते में कुछ देर के लिए पुलिस ने प्रियंका के वाहनों को रोक लिया था। प्रियंका ने आरोप लगाया कि लखनऊ पुलिस ने उनका गला दबाया और धक्का देकर गिरा दिया। इस बयान के कुछ देर बाद प्रियंका अपने बयान से पलट गईं। वहीं, प्रियंका गांधी के साथ हुई कथित बदसलूकी के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के पास एक शिकायत भी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने नकारी बदसलूकी की बात गला दबाने वाली घटना को लेकर लखनऊ के एसएसपी कलानिधि नैथानी ने कहा कि आरोप पूरी तरह गलत हैं। इस संबंध में सीओ एमसीआर डॉ. अर्चना सिंह ने रिपोर्ट दी है। सीओ अर्चना सिंह प्रियंका गांधी की फ्लीट की प्रभारी थीं। रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रियंका गांधी पार्टी दफ्तर से गोखले मार्ग के लिए निकली थीं। उनकी फ्लीट तय रास्ते से न जाकर लोहिया पथ की तरफ जाने लगी। इस पर जब बातचीत की गई तो कोई सही जवाब नहीं मिला। बाकी आरोप गलत हैं। क्या है पूरा मामला? नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में हुई हिंसा भड़काने और अन्य आरोप में पुलिस ने पूर्व आईपीएस एस.आर. दारापुरी, सोशल ऐक्टिविस्ट और कांग्रेस प्रवक्ता सदफ जफर को गिरफ्तार किया हुआ है। एसआर दारापुरी और सदफ जफर की फैमिली से मिलने जा रहीं प्रियंका गांधी को रास्ते में पुलिस ने रोक लिया। इस पर प्रियंका ने कहा, 'हमें रोड पर रोकने का कोई मतलब ही नहीं है। यह मामला एसपीजी का नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस का है।'

Top News