चीन का मुद्दा बार-बार उठाने को लेकर कांग्रेस पर बरसे केंद्रीय मंत्री जीतेंद्र सिंह, कहा- सब नेहरू का किया धरा

नई दिल्ली केंद्रीय मंत्री जीतेंद्र सिंह ने चीन के साथ सीमा विवाद का पूरा ठीकरा देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू पर फोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि इशारों-इशारों में कहा कि चीन को लेकर नेहरू की अदूरदर्शिता का खामियाजा देश आज भी भुगत रहा है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में राज्य मंत्री ने कहा, 'कांग्रेस ने चीन को लेकर बिना यह सोचे या फिर सुविधानुसार भुलाकर आलोचना करनी शुरू कर दी कि चीन की समस्या राहुल गांधी के पड़नाना जवाहर लाल नेहरू ने विरासत में छोड़ी है।' सिंह ने कहा कि आज जो भी हो रहा है, उसमें नेहरू की ऐतिहासिक गलितयों की बड़ी भूमिका है। इसके लिए उन्होंने हिंदी-चीनी भाई-भाई का नारा और फिर 1962 के युद्ध का हवाला दिया। उन्होंने कहा, 'नेहरू चाउ एन लाइ के साथ दिल्ली की गलियों में घूमे थे और लोग 'हिंदी चीनी भाई भाई' का नारा लगा रहे थे। फिर इतिहास में जो कुछ हुआ, 1962 की हिमालयन ट्रैजडी और हम आज भी उसकी कीमत चुका रहे हैं।' पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर चीन के साथ जारी गतिरोध एक महीने बाद भी खत्म नहीं हुआ है। इस बीच कांग्रेस पार्टी चीन के साथ विवाद को लेकर केंद्र सरकार पर सचाई छिपाने का लगातार आरोप लगा रही है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को भी लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) एचएस पनाग का एक लेख ट्विटर पर साझा किया और कहा कि सचाई जानने के लिए हर देशभक्त को यह पढ़ना चाहिए।

Top News