ऐसे मनाया डॉक्टर्स-डे

सब्जी मंडी पहुंची जागरुकता रेहड़ी, आवाज लगी....मास्क ले लो, फ्री में मास्क ले लो संगरिया। संगरिया से सटे हरियाणा के कस्बा डबवाली की सब्जी मंडी में सुबह पौने 6 बजे आलू, गोभी ले लो की जगह मास्क ले लो, फ्री में मास्क ले लो सुनाई पड़ा तो सब चौक गए। कुछ लोग एक रेहड़ी पर ढेर सारे मास्क लेकर ऊंची-ऊंची आवाज लगा रहे थे। खरबूजे लेकर डबवाली सब्जी मंडी पहुंचा सरदार आगे आया बोला कि मुझे एक मास्क दे दो। उसने मास्क लिया तो वहां बिना मास्क खड़े लोग रेहड़ी की ओर लपक दिए। मास्क की रेहड़ी लगाए लोग एक-एक करके सबको मास्क देते गए और आगे बढ़ते रहे। महज 15 मिनट में 350 लोगों को मास्क बांट दिए। डॉक्टर्स-डे पर लोगों को संदेश दिया कि कोरोना के खिलाफ डॉक्टर फ्रंट लाइन वॉरियर्स हैं। आप लोग मास्क लगाएंगे तो खुद कोरोना से बचेंगे साथ ही मास्क दूसरों को बचाएंगे। यही डॉक्टर्स के लिए उपहार है। डॉक्टर्स डे पर सामाजिक संस्था अपने ने नि:शुल्क मास्क वितरण तथा जागरुकता अभियान की शुरुआत बुधवार को सब्जी मंडी क्षेत्र से की है। संस्था सदस्य मनमोहन सुंधा ने भीड़ अधिक होने के कारण सब्जी मंडी को संवेदनशील बताया था। कहा था कि सब्जी मंडी में करीब 90 फीसद से ज्यादा लोगों के चेहरे पर मास्क नहीं होते। ऐसे में संस्था ने प्रॉजेक्ट चेयरमैन जतिंद्र ऋषि के नेतृत्व में सब्जी मंडी के वातावरण अनुसार जागरुकता रेहड़ी चलाकर मास्क वितरण किया। इस मौके पर रमेश सेठी बादल, जसपाल सिंह ढंडाल, रजनीश मेहता, इंद्र शर्मा, खुशी मोहम्मद कुरैशी, पवन वर्मा मौजगढ़, सुरेंद्र सचदेवा, आशु सिंगला तथा नवदीप चलाना चीनू मौजूद थे।

Top News